Advertisement

आंधी-बारिश से तबाही: गायघाट में गेहूं की फसल बर्बाद, किसानों ने मांगा मुआवजा

–आंधी-बारिश से तबाही: गायघाट में गेहूं की फसल बर्बाद, किसानों ने मांगा मुआवजा

गायघाट, मुजफ्फरपुर | दीपक कुमार।
शुक्रवार की शाम आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड में किसानों की कमर तोड़ दी। खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
गायघाट के शिवदहा, बेरुआ, जारंग पूर्वी, जारंग पश्चिमी, लोमा, कमरथू और बोआरीडीह पंचायतों में सबसे अधिक क्षति की खबर है। इसके अलावा कटरा समेत अन्य क्षेत्रों में भी फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसानों ने बताया कि अचानक आई इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।


शिवदहा के किसान एवं युवा समाजसेवी संतोष यादव, पंचायत समिति पति विजय कुमार राय और पूर्व पंचायत समिति सदस्य रमन कुमार उपाध्याय सहित दर्जनों किसानों ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन फसल बर्बाद होने से अब कर्ज चुकाने की चिंता सताने लगी है।
विजय कुमार राय ने बताया कि सिर्फ गेहूं ही नहीं, बल्कि लीची और आम के मंजर को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इससे आने वाले दिनों में फलों की पैदावार पर भी असर पड़ सकता है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कराया जाए और नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।