-अंचल कर्मियों की हड़ताल से राजापाकर अंचल कार्यालय का कामकाज ठप, छात्र-छात्राओं व आम लोगों को हो रही परेशानी
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर अंचल कार्यालय में अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से कार्यालय का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पदाधिकारियों और कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण अंचल कार्यालय सूना पड़ा है और भूमि से संबंधित अधिकांश कार्य बाधित हो गए हैं, जिससे आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें अंचलाधिकारी का प्रभार दिया गया है और प्राथमिक कार्यों को किसी तरह संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्व कर्मचारियों का प्रभार प्रखंड के सभी पंचायतों के पंचायत सचिवों को दिया गया है, वहीं अंचल अमीन को भी राजस्व कर्मचारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है क्योंकि वे हड़ताल पर नहीं हैं।

बीडीओ ने कहा कि भूमि से संबंधित म्यूटेशन और परिमार्जन जैसे कार्य फिलहाल बाधित हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी उन्हें भी उपलब्ध नहीं है।
इस बीच अंचल कार्यालय परिसर में कई छात्र-छात्राएं जाति, आय, आवासीय और ओबीसी प्रमाण पत्र के आवेदन लेकर भटकते नजर आए। लेकिन प्रभार वाले पंचायत सचिव या अंचल अमीन समय पर कार्यालय में नहीं मिले, जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत सचिव भी अक्सर समय पर अंचल कार्यालय नहीं पहुंच पाते हैं, जिसके कारण छात्र-छात्राओं को अपने प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं।
वहीं बीडीओ को अंचलाधिकारी का प्रभार मिलने के बाद अभी तक डोंगल का निर्माण नहीं हो सका है। इसके अभाव में जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्रों के ऑनलाइन आवेदन का निष्पादन नहीं हो पा रहा है। आरपीएस कर्मियों के अनुसार बीडीओ को डोंगल मिलने के बाद ही ऑनलाइन हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी होगी, जिसके बाद ही छात्रों को प्रमाण पत्र जारी किए जा सकेंगे।










